मगरलोड में उर्वरक विक्रेताओं की बैठक: पारदर्शी खाद वितरण और सही मात्रा में बिक्री के सख्त निर्देश - newschakravyuh.in

Breaking

Home Top Ad

Thursday, May 28, 2026

मगरलोड में उर्वरक विक्रेताओं की बैठक: पारदर्शी खाद वितरण और सही मात्रा में बिक्री के सख्त निर्देश


धनेश्वर बंटी सिन्हा 

धमतरी 28मई 2026:- जनपद पंचायत सभा मगरलोड में विकास खंड के उर्वरक विक्रेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी कृषि मनोज सागर द्वारा की गई।

बैठक में ब्लॉक के समस्त उर्वरक विक्रेताओं को खाद वितरण एवं विक्रय से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अधिकारियों द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसानों को उर्वरकों का वितरण पारदर्शी, नियमानुसार एवं फसलवार अनुशंसा के आधार पर ही किया जाए।

बैठक में विशेष रूप से धान फसल हेतु इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अनुशंसित उर्वरक मात्रा की जानकारी दी गई। विक्रेताओं को बताया गया कि धान फसल में भूमि की उर्वरता एवं किसान की आवश्यकता अनुसार यूरिया, डीएपी, सिंगल सुपर फास्फेट, म्यूरेट ऑफ पोटाश एवं एनपीके उर्वरकों का विक्रय निर्धारित मात्रा में ही किया जाए। साथ ही नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों द्वारा यह भी कहा गया कि कृषकों को उनकी फसल एवं रकबा के अनुसार ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा अनावश्यक भंडारण, कालाबाजारी एवं अधिक मात्रा में विक्रय जैसी गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाई जाए। सभी विक्रेताओं को वितरण रजिस्टर का सही संधारण करने एवं प्रतिदिन अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश दिए गए।

अनुविभागीय अधिकारी कृषि मनोज सागर ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना सभी विक्रेताओं की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के. एस नरेटी कृषि विकास अधिकारी संतोष राठिया भागीरथी राठिया , मनुलाल पैकरा raeo रश्मि सूर्यवंशी, एटीएम संतोष बघेल, खिलेश साहू कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे।
 

Post Bottom Ad