डीजे बजने को लेकर दो पक्षों में विवाद, दो सगे भाई सहित तीन लोगों की हत्या, सकूबाजी में कई लोग घायल - newschakravyuh.in

Breaking

Home Top Ad

Sunday, September 8, 2024

डीजे बजने को लेकर दो पक्षों में विवाद, दो सगे भाई सहित तीन लोगों की हत्या, सकूबाजी में कई लोग घायल


 धनेश्वर बंटी सिन्हा


दुर्ग:- जिले में शनिवार देर रात गणेश पंडाल में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि 2 सगे भाइयों सहित 3 लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान चाकूबाजी में कई लोग घायल भी हुए हैं। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला भिलाई के नंदनी थाना क्षेत्र का है।


जानकारी के अनुसार नंदनी खुंदनी गांव में गणेश उत्सव समिति द्वारा गणेशजी की मूर्ति स्थापना के कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। शुक्रवार को स्थापना के लिए भगवान गणेश की मूर्ति पंडाल तक डीजे की धुन में लेकर आ रहे थे। इस दौरान कुछ युवक डीजे पर डांस कर रहे थे। यादव मोहल्ले के धन्नू, करण, वासु और राजेश अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचे और डांस करने लगे। इस दौरान शीतला पारा गुट के युवकों का यादव मोहल्ले के युवकों से विवाद हो गया। देर शाम तक माहौल शांत हुआ इसके बाद दोनों गुटों के लोग अपने-अपने घर चले गए।

दोनो गुटों में फिर हुआ विवाद

शनिवार की शाम एक बार फिर दोनों गुटों के बीच विवाद होने लगा और दोनों आपस में भिड़ गए। इस बार शीतला पारा के युवकों ने यादव पारा के युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेश यादव, करण यादव और वासु यादव की मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष से आकाश पटेल की हालत गंभीर है। राजेश यादव 25 वर्ष और करण 22 वर्ष सगे भाई थे और वासु 19 वर्ष उनका चचेरा भाई था।घटना के बाद आक्रोशित गांव वालों ने देर रात थाने का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को विवाद की जानकारी दी गई थी।


लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया। पुलिस मौके पर तब पहुंची जब तीन युवकों की मौत हो गई। पूरे मामले में नंदिनी अहिवारा पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं गांव में कर्फ्यू जैसा माहौल है। किसी तरह की कोई अनहोनी ना हो इसको देखते हुए घटना स्थल और दोनों मोहल्ले में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।

Post Bottom Ad