धनेश्वर बंटी सिन्हा
धमतरी 22 जुलाई 2026:-धमतरी के एक महिला पत्रकार वेणु साहू ने आरोप लगाया है कि ग्राम दोनर निवासी पूनम चंद्राकर नामक युवक ने उन्हें फोन पर धमकी दी और AI की मदद से अश्लील (न्यूड) फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कही। पत्रकार का दावा है कि यह कॉल बिट्टू चंद्राकर नामक व्यक्ति के मोबाइल नंबर से किया गया।
पत्रकार के अनुसार, कॉल करने वाले युवक ने स्वयं को पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का रिश्तेदार (फूफा होने का दावा करते हुए) बताया। इस पूरे मामले को लेकर पत्रकार ने संबंधित एजेंसियों से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि महिला पत्रकार कुछ समय से ग्राम पंचायत दोनर में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन से जुड़े मामलों की पड़ताल कर रही है। इसी क्रम में कुछ समाचार प्रकाशित किए गए थे। पत्रकार का आरोप है कि इन खबरों के बाद उन्हें धमकी भरे फोन आने लगे।
पत्रकार का यह भी दावा है कि गांव के कुछ लोगों ने उन्हें जानकारी दी थी कि ग्राम विकास समिति एवं ग्राम पंचायत द्वारा रेत खदान के संचालन को लेकर लगभग 18.60 लाख रुपये में सौदा किए जाने की चर्चा है तथा प्रति ट्रैक्टर 200 से 300 रुपये तक वसूली कर बड़े पैमाने पर रेत निकासी कराए जाने के आरोप हैं।वही प्रतिदिन लगभग 10000 ट्रिप ट्रेक्टर से निकाल कर लाखो रुपय अवैध रूप से कमाया जा रहा है,हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है ,और संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया भी समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी थी।
फिलहाल यह मामला जांच का विषय है। यदि पत्रकार द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल पत्रकारों की सुरक्षा बल्कि AI तकनीक के दुरुपयोग से जुड़े गंभीर प्रश्न भी खड़े करता है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।
